पंजाब
पंजाब में भाजपा और आरएसएस नेताओं को मिलेगी अतिरिक्त सुरक्षा, लगातार हो रहे हैं हमले

चंडीगढ़। कृषि सुधार कानूनों को लेकर पंजाब में भाजपा नेताओं पर हो रहे हमले और विरोध को देखते हुए पंजाब पुलिस ने भाजपा व आरएसएस नेताओं की सुरक्षा को बढ़ाने का फैसला किया है। इस संबंध में डीजीपी दिनकर गुप्ता की अगुआई में बैठक हो चुकी है। संभव है कि आज या कल भाजपा व आरएसएस नेताओं की सुरक्षा को बढ़ा दिया जाए। पंजाब पुलिस ने यह फैसला तब लिया, जब पहली जनवरी को भाजपा के पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद के होशियारपुर स्थित घर पर कुछ विरोधियों ने गोबर फेंक दिया था। वहीं, भाजपा लगातार राज्य में कानून व्यवस्था बिगडऩे को लेकर आरोप लगा रही है।
नए कृषि कानूनों के विरोध में 1600 से ज्यादा मोबाइल टावरों के कनेक्शन काटने व उन्हें क्षति पहुंचाने की घटनाओं के दौरान राज्य में भाजपा नेताओं को लगातार निशाना बनाया जा रहा है। इससे पहले अक्टूबर में भाजपा के प्रदेश प्रधान अश्वनी शर्मा की कार पर टांडा के पास टोल प्लाजा पर हमला कर दिया गया था। भाजपा नेताओं पर हो रहे हमले के बीच में भाजपा के शिष्टमंडल ने राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर को एक मांगपत्र भी दिया था। इसके उपरांत राज्यपाल ने चीफ सेक्रेटरी विनी महाजन और डीजीपी दिनकर गुप्ता को तलब किया था।